पूर्वी लद्दाख के पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारों से सैनिकों की वापसी के बाद भारत और चीन के बीच आज 10वें दौर की बैठक होगी। बैठक में पूर्वी लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और देपसांग क्षेत्रों से सैनिकों को हटाने के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। एलएसी पर बैठक मोल्दो सीमा पर सुबह 10 बजे शुरू होगी।
भारत की ओर दसवें दौर की बैठक का नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल पीजीके मेनन करेंगे। वह लेह स्थित 14वीं कोर के कमांडर हैं। वहीं चीनी पक्ष का नेतृत्व मेजर जनरल लिउ लिन करेंगे जो चीनी सेना के दक्षिणी शिनजियांग सैन्य जिले के कमांडर हैं।
बता दें कि नौ महीने के गतिरोध के बाद दोनों देशों के बीच सैनिकों की वापसी को लेकर सहमति बनी है। जिसके तहत दोनों पक्ष चरणबद्ध तरीके से पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी तटों से सैनिकों को पीछे हटा रहे हैं। सैनिकों की वापसी की यह प्रक्रिया 10 फरवरी को शुरू हुई थी।