सुनील कुमार की रिपोर्ट
जिले के नारदीगंज एवं हिसुआ दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में एक पागल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया है। सनकी हाथी ने दो लोगों की जान ले ली है। मृतकों में नारदीगंज थाना क्षेत्र के बभनौली गांव निवासी विनोद चौहान और हिसुआ थाना क्षेत्र के सकरा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक आंनद सिंह शामिल है।
बताया जाता है कि मृतक विनोद बुधवार की रात खेत की तरफ गए हुए थे। तभी अचानक हाथी वहां आ धमका और उन्हें सूंढ से उठा कर पटक दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद हाथी हिसुआ थानाक्षेत्र के सकरा गांव पहुंच गया। सेवानिवृत्त शिक्षक शौच के लिए खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हाथी ने उनपर हमला कर दिया। फलस्वरूप उनकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत व्याप्त हो गया है। लोग डरे-सहमे हैं। सूचना पुलिस- प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही वन विभाग को दी गई है। रेंजर संजय कुमार ने बताया कि हाथी गया की तरफ से आ गया है। पहले हाथी ने मंगलवार को सिरदला प्रखंड क्षेत्र में उत्पात मचाया। जहां भितिया जंगल में तोड़फोड़ किया और वहां अवैध शराब भट्ठियों पर उत्पात मचाया। जहां शराब माफियाओं और ग्रामीणों को निशाना बनाना चाहा।
वनपाल राजकुमार पासवान द्वारा बताया गया था कि हाथियों को झारखंड के तरफ जंगल में खदेड़ कर भगा दिया गया है। बावजूद फिर वह हिसुआ तथा नारदीगंज की तरफ आ गया।रेंजर संजय कुमार ने बताया कि दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। विभागीय नियमानुसार मृतकों के स्वजनों को मुआवजा दिया जाएगा। हाथी को पकड़ने के लिए गया से टीम बुलाई जा रही है।
Comments are closed.